नववर्ष को लेकर मुंगेर पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया दक्षिणी किला गेट पर पोस्ट चेकिंग

मुंगेर।
नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मुंगेर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, मुंगेर द्वारा बुधवार को शहर के प्रमुख स्थान दक्षिणी किला गेट पर पोस्ट चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस उपाधीक्षक भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि नववर्ष के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और प्रवेश-निकास बिंदुओं पर सघन जांच अभियान चलाया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सख्ती से जांच करने, शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नववर्ष के जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जाम की स्थिति से निपटने और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया।

पोस्ट चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा वाहनों की जांच, हेलमेट और कागजात की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त तैयारी से नववर्ष पर मुंगेर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का भरोसा दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *