गोपालगंज में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक,मंत्री दीपक प्रकाश ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, पारदर्शिता पर दिया जोर

गोपालगंज।
गोपालगंज जिला परिसदन में बुधवार को पंचायती राज विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिहार सरकार के माननीय पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश शामिल हुए। बैठक में विभागीय पदाधिकारियों के साथ पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की जड़ है और इसके माध्यम से गांवों तक विकास पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचे।
मंत्री ने पंचायत भवन, नल-जल योजना, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, मनरेगा, तथा अन्य ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें और शिकायतों के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट समय पर विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया।
मंत्री दीपक प्रकाश ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में मंत्री ने सभी अधिकारियों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
