मनिहारी में अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चार ट्रैक्टर जब्त

कटिहार।
जिला पदाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर जिले में अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मनिहारी प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर पंचायत में अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने नारायणपुर पंचायत क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध रूप से मिट्टी का खनन एवं परिवहन करते हुए चार ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया गया।
कार्रवाई के उपरांत खनन से जुड़े नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध खनन जैसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही यह भी कहा गया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह कार्रवाई सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, ऊर्जा विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पंचायती राज विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से की गई। कटिहार पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
