गोपालगंज के नए पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने संभाला पदभार,गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करना प्राथमिकता

गोपालगंज, संवाददाता।
जिले के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने गुरुवार को औपचारिक रूप से अपने पद का योगदान किया। योगदान के पश्चात वे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां जिला पुलिस बल के जवानों द्वारा उन्हें भव्य गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
गार्ड ऑफ ऑनर के उपरांत एसपी विनय तिवारी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात की और जिले की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध पर सख्त नियंत्रण, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनके कार्यकाल के मुख्य उद्देश्य रहेंगे।
एसपी विनय तिवारी ने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशीलता, ईमानदारी और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
नए पुलिस अधीक्षक के योगदान से जिले में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। आम नागरिकों ने भी उनसे निष्पक्ष, पारदर्शी और सख्त पुलिसिंग की अपेक्षा व्यक्त की है, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
