गोपालगंज में परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश


गोपालगंज, संवाददाता।
आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को समाहरणालय सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनय तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना के विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत गृह विभाग (विशेष शाखा), बिहार सरकार में “प्रवर्तन अवर निरीक्षक” पद पर चयन हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा (दिनांक 18 जनवरी 2026 एवं 21 जनवरी 2026) को लेकर की गई।

बैठक का उद्देश्य परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना था। प्रशासन ने विधि-व्यवस्था संधारण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियों की जानकारी दी।

प्रशासन द्वारा जिले के निम्नलिखित परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का निर्णय लिया गया है—
एस.एस. गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सदर ब्लॉक के निकट
बी.एम. इंटर कॉलेज, गोपालगंज
डी.ए.वी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे स्टेशन रोड
एम.एम. मेमोरियल उर्दू उच्च माध्यमिक विद्यालय, तुरकहां
इन केंद्रों के आसपास परीक्षा दिवसों पर सुबह 10:00 से 12:00 बजे एवं दोपहर 2:30 से 4:30 बजे (या परीक्षा समाप्ति तक) पाँच या पाँच से अधिक व्यक्तियों का एकत्र होना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बिना कारण परीक्षा केंद्र के आसपास घूमते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षार्थियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में लेकर नहीं आएंगे। परीक्षा केंद्र की परिधि में फोटो खींचना अथवा वीडियो बनाना भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परीक्षा के दिनों में फोटोस्टेट की दुकानों को निर्धारित समयावधि में बंद रखा जाएगा। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों का भी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिससे परीक्षा की गोपनीयता बनी रहे।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमित गश्त सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें।

बैठक में संबंधित केंद्राधीक्षक, प्रतिनियुक्त प्रशासनिक पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से नियमों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *