सीतामढ़ी में समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नक्षत्र वाटिका का किया उद्घाटन

विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण, विकास योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन और लाभार्थियों को चेक वितरण
सीतामढ़ी। समृद्धि यात्रा के क्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सीतामढ़ी जिले के चंदौली स्थित हितनारायण उच्च विद्यालय परिसर में नव-निर्मित नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने परिसर में आयोजित विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित और प्रस्तावित विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को चेक प्रदान कर उन्हें लाभान्वित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से आम जनता तक पहुंचे, ताकि राज्य के समग्र विकास को गति मिल सके।
कार्यक्रम में जद (यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा, मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सांसद श्री देवेशचंद्र ठाकुर, सांसद श्रीमती लवली आनंद सहित राज्य सरकार के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने समृद्धि यात्रा को बिहार के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे का सशक्त विकास है। समृद्धि यात्रा के माध्यम से योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन किया जा रहा है, ताकि जरूरत के अनुसार सुधार और विस्तार किया जा सके।
