मुंगेर को औद्योगिक जिला बनाने की कवायद तेज

डीएम ने शुरू की पहल, टेक्सटाइल और एम्यूजमेंट पार्क क्षेत्र में निवेश की अपील

मुंगेर, प्रतिनिधि।
बिहार सरकार द्वारा राज्य को औद्योगिक राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुंगेर जिला को औद्योगिक जिला के रूप में विकसित करने की कवायद तेज कर दी गई है। जिला पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने इस दिशा में पहल शुरू करते हुए जिले के व्यापारियों और उद्योगपतियों से टेक्सटाइल सेक्टर और एम्यूजमेंट पार्क क्षेत्र में निवेश के लिए आगे आने की अपील की है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है और सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में बिहार को एक सशक्त औद्योगिक राज्य के रूप में स्थापित किया जाए। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें मुंगेर को विशेष संभावनाओं वाला जिला माना जा रहा है।

मुंगेर बंदूक कारखाना में आयोजित हुआ उद्योग संवाद
इसी कड़ी में मुंगेर जिला प्रशासन द्वारा मुंगेर बंदूक कारखाना परिसर में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग से जुड़े लोगों से टेक्सटाइल उद्योग स्थापित करने का आग्रह किया गया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि उद्योग लगाने वालों को हर संभव प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

बंदूक कारखाना के पुनर्जीवन का भरोसा
डीएम निखिल धनराज निप्पणीकर ने मुंगेर बंदूक कारखाना के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बंदूक निर्माताओं को सहयोग देकर इस परंपरागत उद्योग को पुनर्जीवित करने का भी प्रयास किया जाएगा। इससे न केवल स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि मुंगेर की पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।

स्थानीय उद्योगपतियों का मानना है कि यदि सरकार और प्रशासन की यह पहल जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो आने वाले समय में मुंगेर रोजगार और उद्योग का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *