महादलित टोला में 77वें गणतंत्र दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों ने किया ध्वजारोहण, डीएम-एसपी रहे उपस्थित

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कटिहार जिले के ग्रामीण महादलित टोला में सामाजिक समरसता और सहभागिता का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, कटिहार की गरिमामयी उपस्थिति में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को राष्ट्रीय पर्व से जोड़ना और उन्हें सम्मान प्रदान करना रहा। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान में निहित समानता, अधिकार और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुँचे और सभी नागरिकों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बिहार पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है और समाज में विश्वास एवं सहयोग के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों, राष्ट्रगान और जय हिंद के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सम्मान और गौरव का क्षण बताया।
