आगामी सेना भर्ती को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम–एसपी ने गढ़वाल मैदान का किया संयुक्त निरीक्षण

कटिहार।
आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी, कटिहार एवं पुलिस अधीक्षक, कटिहार ने सेना भर्ती निदेशक कर्नल के साथ मिलकर गढ़वाल मैदान, सिरसा (कटिहार) में आयोजित होने वाली आगामी सेना भर्ती को लेकर स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा समस्त आवश्यक प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा कि सेना भर्ती एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील आयोजन है, जिसमें जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती स्थल पर प्रवेश-निकास व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, मेडिकल सुविधा, यातायात नियंत्रण एवं अभ्यर्थियों के ठहराव से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि भर्ती के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट, अफवाहों पर नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सेना भर्ती निदेशक कर्नल ने प्रशासन और पुलिस की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं कटिहार पुलिस के सहयोग से भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने भर्ती से जुड़े मानकों एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी साझा की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन और कटिहार पुलिस द्वारा आगामी सेना भर्ती को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
