इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

सीतामढ़ी।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 को शांतिपूर्ण, कदाचार-मुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, वीक्षकों की तैनाती, जैमर की कार्यशीलता तथा परीक्षार्थियों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि परीक्षार्थियों को भयमुक्त वातावरण में परीक्षा देने का अवसर देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्त निगरानी रखी जाए तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त पुलिस बल को परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर निगरानी एवं भ्रमणशील दंडाधिकारियों की तैनाती भी की गई है।
प्रशासन की इस सक्रियता से परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों में भरोसा देखने को मिल रहा है कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न होगी।
