माँ कामाख्या महोत्सव 2026 को लेकर प्रशासन सतर्क, मंदिर प्रांगण में हुई समीक्षा बैठक

पूर्णिया।
माँ कामाख्या महोत्सव 2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में माँ कामाख्या मंदिर परिसर में विधि-व्यवस्था एवं महोत्सव की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्णिया, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विधि-व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक पूर्णिया ने बताया कि महोत्सव के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष योजना तैयार की जा रही है तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बैठक में महोत्सव के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि माँ कामाख्या महोत्सव 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *