जनता के दरबार में पुलिस अधीक्षक ने सुनी फरियाद, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

अरवल।
पुलिस महानिदेशक, बिहार, पटना के निर्देशानुसार आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक, अरवल द्वारा शहर तेलपा थाना में जनता के दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आए फरियादियों की शिकायतों को पुलिस अधीक्षक महोदय ने गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु संबंधित थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता के दरबार में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, पूर्व से लंबित मामलों एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर तेलपा थाना में विधि-व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्य-व्यवहार, कर्तव्य निर्वहन की स्थिति, आम जनता के साथ पुलिसकर्मियों के व्यवहार एवं थाना के दैनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पुलिस मुख्यालय एवं वरीय पदाधिकारियों के स्तर से प्राप्त आदेशों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और जनता के विश्वास को बनाए रखना ही पुलिस का मूल उद्देश्य है। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था संधारण को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
