कटिहार में मद्य निषेध टीम की बड़ी कार्रवाई, 55 लीटर से अधिक शराब के साथ दो गिरफ्तार

कटिहार। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापामारी में कुल 51.090 लीटर विदेशी शराब तथा 4.000 लीटर चुलाई शराब बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध टीम ने रोशना थाना क्षेत्र के लाभा बाजार में छापेमारी कर मोहम्मद आरजू (पिता– मोहम्मद जुल्फिकार), निवासी लड़कनिया टोला, थाना नगर (कटिहार) को गिरफ्तार किया। वह अपने सीएनजी टेम्पो में छुपाकर बंगाल के मालदा जिला से अवैध विदेशी शराब ला रहा था। तलाशी के दौरान वाहन से 40.410 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि टेम्पो उसी का है और शराब भी उसी द्वारा लाई जा रही थी।
इसी क्रम में मद्य निषेध की अन्य टीम ने कटिहार जंक्शन पर कार्रवाई करते हुए 10.680 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। वहीं मनसाही थाना क्षेत्र में छापेमारी कर ललिता देवी को 4.000 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 55.090 लीटर शराब तथा एक टेम्पो जब्त किया गया है। मद्य निषेध विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित थानों में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *