मध्य विद्यालय खरबा में बाल संसद का गठन, सोनू कुमार बने प्रधानमंत्री

जगदीशपुर, भागलपुर:
जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय खरबा में बुधवार को “डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया” एवं प्लान इंडिया कार्यक्रम के तहत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से बाल संसद का गठन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित बाल सांसदों को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शीला कुमारी द्वारा शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी मंत्रियों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए “डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया प्लान इंडिया” के जिला लीड शंभू कुमार सिंह ने कहा कि रैकिट के सहयोग से विद्यालयों में हाइजीन एजुकेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में बाल्यावस्था से ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें स्वच्छ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बाल संसद बच्चों के नेतृत्व क्षमता विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए बच्चों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्वों के प्रति समझ विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि बाल संसद विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, स्वच्छता अभियान को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाती है। बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी भी इसी माध्यम से मिलती है, जिससे उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल का विकास होता है।
बाल संसद चुनाव में सोनू कुमार को प्रधानमंत्री एवं नेहा कुमारी को उपप्रधानमंत्री चुना गया। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अंकित कुमार, राजीव कुमार, अंजली कुमारी, सरस्वती कुमारी, प्रिंस कुमार, मोनिका कुमारी, हर्ष कुमार, साक्षी कुमारी, मुन्ना कुमार, राखी कुमारी, शुभम कुमार एवं सुरुचि कुमारी का चयन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक विनीत कुमार, अमित कुमार रजक, मुकेश राम, निर्भय कुमार झा, पूनम कुमारी, सरिता कुमारी, अनिता कुमारी, सौरभ साकेत, सुप्रिया रानी, अन्नपूर्णा रानी, राजेश रजक, रितु कुमारी एवं निवेदिता नारायण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय समन्वयक चंद्रकांत भारती ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
