बच्चों के सम्मान के साथ समर कैंप का समापन, अभिभावकों ने बांटे प्रमाणपत्र

जगदीशपुर: सरकारी विद्यालयों में संचालित सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का समापन उत्सव एवं सम्मान समारोह के साथ किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने बच्चों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कला एवं विभिन्न भाषाई गतिविधियों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यह समर कैंप राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् (एनसीईआरटी), नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई कौशल, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक समझ एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना था।
मध्य विद्यालय जगदीशपुर के प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र ने कहा कि बच्चों ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ समर कैंप में भाग लिया। उन्होंने बताया कि बच्चों ने अपनी मातृभाषा के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं एवं सांकेतिक भाषा की भी जानकारी प्राप्त की। साथ ही विभिन्न राज्यों की संस्कृति, कला एवं परंपराओं को समझने और सीखने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों को किताबों और सीमित कक्षाओं से बाहर निकालकर खेल, संगीत, नृत्य, कला एवं समूह गतिविधियों के जरिए सीखने का अवसर दिया गया। इससे बच्चों की रचनात्मक क्षमता एवं आत्मविश्वास में वृद्धि हुई।
नोडल शिक्षिका वीणा कुमारी के नेतृत्व में शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, प्रज्ञा, प्रीति कुमारी एवं भारती कुमारी ने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। समर कैंप में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समापन समारोह में अभिभावक विकास यादव, प्रीतम मंडल, धनंजय दास, बबलू मंडल, मीना देवी, सुलोचना देवी, प्रीति देवी एवं खुशबू देवी सहित शिक्षक अमित कुमार सिंह, निर्भय कुमार, राजीव कुमार, नेहा कुमारी, मीनाक्षी कुमारी एवं पुष्पलता कुमारी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *