गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 का होगा कायाकल्प, 35 दिनों के मेगा ब्लॉक का प्रस्ताव भेजा गया

गया। गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में रेलवे ने बड़ी पहल की है। प्लेटफॉर्म के व्यापक पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए रेलवे मुख्यालय को 35 दिनों के मेगा ब्लॉक का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कुछ दिन पहले मेगा ब्लॉक लेकर प्लेटफॉर्म संख्या-1 के ट्रैक पर आवश्यक तकनीकी कार्य किए गए थे। अब अगले चरण में प्लेटफॉर्म की ऊंचाई, लंबाई और चौड़ाई बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए आधुनिक डिजाइन का नया शेड लगाया जाएगा।
पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। ट्रेनों में चढ़ने और उतरने में सुविधा मिलेगी तथा भीड़ प्रबंधन भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। रेलवे का उद्देश्य गया जंक्शन को आधुनिक रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करना है, ताकि यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद मेगा ब्लॉक की तिथि निर्धारित की जाएगी। निर्माण कार्य के दौरान ट्रेनों के परिचालन में आवश्यकतानुसार बदलाव किए जा सकते हैं, जिसकी जानकारी यात्रियों को समय रहते उपलब्ध करा दी जाएगी।
