मध्य विद्यालय जगदीशपुर में मिशन लाइफ गतिविधि आयोजित, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

जगदीशपुर (भागलपुर)। मध्य विद्यालय जगदीशपुर में ईको क्लब मिशन लाइफ के तत्वावधान में ‘ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह 2026’ के तहत पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना तथा समाज में ऐसी सतत जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था, जिससे प्राकृतिक संसाधनों की बचत हो और प्रदूषण को कम किया जा सके।

प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण, चित्रांकन, स्लोगन लेखन, लघुनाटक एवं परिचर्चा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षिका वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा एवं प्रज्ञा ने सक्रिय सहयोग किया।

इस दौरान ईको क्लब के सदस्य रितु, सुन्दरम, स्नेहा, श्रेया, कोमल, वर्षा, सौम्या, रेशम एवं प्रिया ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने, पानी और बिजली की बचत करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी सुरक्षा करने, कचरे को अलग-अलग रखने, साइकिल तथा पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने, स्थानीय एवं पौष्टिक आहार को प्राथमिकता देने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संकल्प लिया।

प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। बच्चों में छोटी उम्र से ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है, ताकि वे अपने परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकें।

इस अवसर पर शिक्षिका वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, प्रीति कुमारी, भारती कुमारी, नेहा कुमारी, शिक्षक अमित कुमार सिंह, निर्भय कुमार सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *