अम्बा पंचायत में लगा सहयोग शिविर, 27 में 24 आवेदनों का मौके पर हुआ निस्तारण

शाहकुंड (भागलपुर), संवाददाता।
भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड अंतर्गत अम्बा पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर आमजनों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान कुल 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 24 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष तीन आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आवेदकों को उनकी समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की शिकायतों और सुझावों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से लोग अपनी शिकायतें, सुझाव एवं मांगें ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं, जिससे उनका शीघ्र समाधान संभव हो सके। साथ ही सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी लोग अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
103 जीविका समूहों को मिला 1.25 करोड़ का चेक
सहयोग शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया। वहीं महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 103 जीविका सहायता समूहों को कुल एक करोड़ 25 लाख रुपये की स्वीकृत ऋण राशि का चेक प्रदान किया गया। जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
साइबर अपराध और अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, अपराध संबंधी सूचना अथवा पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी शाहकुंड, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल की गई।
