नवगछिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टेंपो से 12 किलो गांजा बरामद, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर। जिले के नवगछिया पुलिस जिला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने नवगछिया जीरोमाइल के समीप गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान एक टेंपो से गांजे की खेप पकड़ी। इस मामले में एक पुरुष और एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंद्रदेव कुमार के रूप में हुई है।

 

मामले को लेकर नवगछिया यातायात डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टेंपो के माध्यम से भागलपुर से गांजे की बड़ी खेप लेकर तस्कर नवगछिया पहुंच रहे हैं। इसके बाद गांजे को ट्रेन के रास्ते असम ले जाने की योजना थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने नवगछिया जीरोमाइल के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

 

इसी दौरान एक संदिग्ध टेंपो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में टेंपो में रखे दो बैग से करीब 12 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से इंद्रदेव कुमार और उसके साथ मौजूद एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।

 

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अनिल कुमार, नवगछिया यातायात डीएसपी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *