भागलपुर: मध्य विद्यालय भरोखर से मध्याह्न भोजन के 17 बोरा चावल चोरी, बाउंड्री वॉल और चौकीदार के अभाव पर उठे सवाल

भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत संहौली पंचायत स्थित मध्य विद्यालय भरोखर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय के भंडार कक्ष का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन योजना के तहत रखे गए 17 बोरा चावल चोरी कर लिए। शुक्रवार की सुबह विद्यालय खुलने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

 

घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव रंजन ने बाईपास थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन पत्रांक 55, दिनांक 27 नवंबर 2026 के माध्यम से पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

 

प्रधानाध्यापक ने अपने आवेदन में बताया है कि विद्यालय में न तो बाउंड्री वॉल है और न ही चौकीदार की व्यवस्था। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण विद्यालय की संपत्ति असुरक्षित बनी हुई है। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में चोरी की घटना को अंजाम दिया।

 

घटना की सूचना मिलने पर संहौली पंचायत के मुखिया मरगूब विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चोरी की घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह केवल विद्यालय की चोरी नहीं, बल्कि पूरे समाज की संपत्ति की चोरी है। जिन परिवारों के बच्चे इस विद्यालय में पढ़ते हैं, उनके लिए यह अपने घर की संपत्ति चोरी होने जैसा है।

 

मुखिया मरगूब ने शिक्षा विभाग से अविलंब विद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण कराने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंचायत के पास इतनी राशि उपलब्ध नहीं है कि विद्यालय की चारदीवारी का निर्माण कराया जा सके। शिक्षा विभाग के पास पर्याप्त संसाधन हैं, इसलिए विद्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में छुट्टी के दिनों में भी बच्चों और ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहता है। चारदीवारी नहीं होने के कारण विद्यालय परिसर का दुरुपयोग होता है। यदि बाउंड्री वॉल का निर्माण हो जाए तो विद्यालय परिसर सुरक्षित रहेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।

 

मुखिया ने ग्रामीणों से भी अपील की कि विद्यालय समाज की धरोहर है। दिन में शिक्षक विद्यालय की देखरेख करते हैं, लेकिन रात के समय इसकी सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विद्यालय से 17 बोरा चावल चोरी होने के कारण मध्याह्न भोजन योजना के संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल निर्माण कराने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और चौकीदार की व्यवस्था करने की मांग की है।

वहीं, बाईपास थाना पुलिस ने प्रधानाध्यापक के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। चोरी में प्रयुक्त वाहन समेत अन्य संभावित पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक चोरी की इस घटना का खुलासा कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *