भागलपुर: मध्य विद्यालय जगदीशपुर के बच्चों ने कचरा प्रबंधन के प्रति किया जागरूक, ईको क्लब ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
भागलपुर/जगदीशपुर। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्य विद्यालय जगदीशपुर में ईको क्लब के छात्र-छात्राओं द्वारा कचरा प्रबंधन को लेकर विशेष जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न प्रकार के कचरे के उचित निस्तारण, पुनर्चक्रण और ई-कचरा प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
बच्चों ने बताया कि पर्यावरण प्रदूषण का एक प्रमुख कारण कचरे का सही तरीके से प्रबंधन नहीं होना है। घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे को जहां-तहां फेंकने से वातावरण प्रदूषित होता है। इससे न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
ईको क्लब के सदस्यों ने गतिविधि के माध्यम से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डिब्बों में रखने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि कई प्रकार के कचरे का पुनर्चक्रण कर उन्हें दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। बच्चों ने विशेष रूप से ई-कचरे के उचित निस्तारण पर जोर देते हुए बताया कि खराब मोबाइल, बैटरी, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ नहीं फेंकना चाहिए। इन्हें अलग एकत्रित कर अधिकृत पुनर्चक्रण केंद्रों तक पहुंचाना आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। विद्यालय में इस प्रकार की गतिविधियों से छात्र-छात्राओं में स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। बच्चे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
इस जागरूकता कार्यक्रम में ईको क्लब के रितु, श्रेया, परी, स्नेहा, कोमल, पार्वती, वर्षा, काजल और सुन्दरम सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र के साथ शिक्षिका वीणा कुमारी, प्रज्ञा, प्रतिमा मिश्रा और भारती कुमारी ने बच्चों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
बच्चों ने अपनी गतिविधियों के माध्यम से संदेश दिया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कचरे का सही प्रबंधन करे और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करे, तो पर्यावरण प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
