सीतामढ़ी में किसान के खेत पहुंचे डीएम तनय सुल्तानिया और एसपी अमित रंजन, खुद हंसुआ चलाकर की धान की कटाई

सीतामढ़ी: बिहार राज्य फसल सहायता योजना के अंतर्गत अगहनी धान की फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण करने के लिए सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन डुमरा प्रखंड की हरि छपरा पंचायत के लौहडीह गांव पहुंचे। यहां दोनों अधिकारियों ने किसान अशोक कुमार के खेत में फसल कटनी प्रयोग का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं हंसुआ लेकर धान की कटाई की और फसल की उपज का आकलन कराया।
फसल कटनी प्रयोग के दौरान वैज्ञानिक एवं सांख्यिकीय पद्धति से चयनित खेत के 10 मीटर लंबे और 5 मीटर चौड़े, यानी कुल 50 वर्ग मीटर क्षेत्र में धान की कटाई की गई। इस क्षेत्र से कुल 16 किलो 200 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर 32.40 क्विंटल धान उत्पादन का आकलन किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि फसल कटनी प्रयोग किसानों की वास्तविक उपज, उत्पादन दर और फसल क्षति का आकलन करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके तहत रैंडम पद्धति से खेत का चयन किया जाता है, ताकि फसल उत्पादन का विश्वसनीय अनुमान प्राप्त किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने स्थानीय किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में किसानों से फीडबैक भी प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और उनकी आय में वृद्धि हो, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शंभू मांझी, कृषि विभाग एवं सांख्यिकी विभाग के पदाधिकारी, कृषि समन्वयक प्रसन्न कुमार चौधरी, तरुण कुमार, राजीव कुमार, राकेश सिंह, मनोज कुमार तथा किसान सलाहकार यशवंत कुमार और अवनीश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: Times Bihar News, सीतामढ़ी।
