मध्य विद्यालय तरडीहा में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को बताए गए कानूनी अधिकार

भागलपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की ओर से संचालित राष्ट्रव्यापी सुरक्षित बचपन अभियान के तहत भागलपुर के मध्य विद्यालय तरडीहा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भागलपुर सिविल कोर्ट के न्यायाधीश अमित दयाल ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और शोषण से बचाव के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने बच्चों को पॉक्सो (POCSO) कानून, बाल विवाह की रोकथाम और बाल अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, इमरजेंसी नंबर 112 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण या परेशानी की स्थिति में बिना डर के सहायता मांगने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, प्रधानाध्यापक मुकेश भारती की अध्यक्षता में ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ थीम पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें स्वच्छता के महत्व, विभिन्न प्रकार के कूड़ेदानों और गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। रितु और स्नेहा ने हाथ धोने के विभिन्न चरणों का प्रदर्शन कर बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इसके अलावा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भाषण, स्लोगन लेखन और चित्रांकन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें स्वच्छता, व्यक्तिगत सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना था।
