मध्य विद्यालय जगदीशपुर में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बच्चों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी

भागलपुर, जगदीशपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की ओर से संचालित राष्ट्रव्यापी सुरक्षित बचपन अभियान के तहत मध्य विद्यालय जगदीशपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा बाल शोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर भागलपुर सिविल कोर्ट के अधिवक्ता मो. शमशीर हसन ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो (POCSO) कानून, बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा नंबर 112 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी या शोषण की स्थिति में बिना डर के सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, विद्यालय में प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र की अध्यक्षता में ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ थीम पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें स्वच्छता के महत्व पर चर्चा करते हुए विभिन्न प्रकार के कूड़ेदानों और उनके सही उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्राओं रितु और स्नेहा ने हाथ धुलाई के विभिन्न चरणों की जानकारी देकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भाषण, स्लोगन लेखन एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्नेहा, रितु, तन्नु, प्रिया, लक्की, तृषा, सौम्या, रेशम और दीक्षा सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका प्रज्ञा, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, प्रीति कुमारी, भारती कुमारी, पुष्पलता कुमारी, नेहा कुमारी एवं फूल कुमारी तथा शिक्षक निर्भय कुमार, अमित कुमार सिंह और राजीव कुमार उपस्थित रहे।

इसके अलावा विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव प्रीति देवी, अभिभावक खुशबू देवी, विकास कुमार, धनंजय दास और बबलू साह सहित सैकड़ों अभिभावक एवं विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित बचपन, स्वच्छता, व्यक्तिगत सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *