टीबी मुक्त पंचायतों की दिशा में बड़ी पहल — मोतिहारी में कैम्पों का आयोजन, 110 लोगों की स्क्रीनिंग में 46 संदिग्ध मरीज चिन्हित

मोतिहारी, 23 मई 2025
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मोतिहारी जिले के सभी प्रखंडों में यक्ष्मा मरीजों की पहचान हेतु सक्रिय खोज अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में पंचायतों में विशेष कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त पंचायत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संजीव ने बताया कि प्रत्येक प्रखंड से दो पंचायतों का चयन कर उन्हें “टीबी फ्री पंचायत” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए पंचायत स्तर पर एक्टिव केस फाइंडिंग के तहत संभावित मरीजों की जांच की जा रही है और संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने नेट टेस्टिंग के लिए भेजे जा रहे हैं।
इस अभियान में वर्ल्ड विज़न इंडिया की अहम भूमिका रही है। रक्सौल प्रखंड के धुपवा टोला पनटोका स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मेगा एक्सप्रेस हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें बीपी, शुगर, लंबाई, वजन और डिजिटल एक्स-रे के माध्यम से जांच की गई।
110 लोगों की स्क्रीनिंग में 46 संदिग्ध टीबी रोगी चिन्हित हुए, जिनका बलगम नमूना संग्रह कर अनुमंडलीय अस्पताल, रक्सौल भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने पर आवश्यक उपचार प्रारंभ किया जाएगा। वर्ल्ड विज़न इंडिया के रंजन कुमार वर्मा ने बताया कि अल्ट्रा पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन से दो मिनट में एआई द्वारा रिपोर्ट प्राप्त हो जाती है, जिससे जांच प्रक्रिया तीव्र और प्रभावी बनी है।
डब्लूजेसीएफ की नेशनल टीम द्वारा कैम्प का निरीक्षण किया गया। डॉ. रवि ने कैम्प की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस अवसर पर वर्ल्ड विज़न की स्टेट लीड स्वाति सिन्हा, जिला पर्यवेक्षक रंजन कुमार वर्मा, दीपक कुमार, मनोज राम, सीएचओ कुमारी ज्योत्सना, रेडियोग्राफर मो. सैफ अली सहित कई स्वास्थ्य कर्मी और सामुदायिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
