बेतिया: जिला पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, स्वच्छता एवं दक्ष संचालन को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

बेतिया, 12 जुलाई 2025


बेतिया के जिलाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने आज समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालयों के नियमित संचालन, साफ-सफाई, अभिलेखों के सुरक्षित संधारण और प्रशासनिक अनुशासन की स्थिति का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एन.आई.सी., राजस्व शाखा, जिला जनसंपर्क कार्यालय, एलएईओ, जिला योजना कार्यालय, जिला सांख्यिकी कार्यालय, जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय, जिला कोषागार, जिला अल्पसंख्यक कार्यालय एवं विकास भवन में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य संस्कृति एवं दैनंदिन गतिविधियों की समीक्षा की।

जारी किए गए प्रमुख निर्देश:

  • समय पर कार्यालय संचालन: सभी कार्यालय निर्धारित समय पर खुलें और कर्मियों की उपस्थिति समयबद्ध हो। अनुपस्थित कर्मियों पर सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना अनुपस्थिति की स्थिति में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
  • अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण: रोकड़ बही, आगत-निर्गत पंजी, कर्मपुस्त, पत्रावलियाँ एवं अन्य अभिलेख विधिसम्मत ढंग से संधारित हों।
  • ड्रेस कोड और पहचान पत्र अनिवार्य: सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करें एवं कार्यालय समय के दौरान पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करें।
  • स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएँ: कार्यालय परिसर की नियमित सफाई, पेयजल व्यवस्था और वातावरणीय स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। कार्यालय सामग्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रखा जाए।

संरचनात्मक सुधार की दिशा में पहल:

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, बेतिया श्री कमलेश प्रसाद को निर्देशित किया कि कार्यालयों में प्रयाप्त संख्या में रैक/अलमारी का निर्माण शीघ्र कराया जाए ताकि अभिलेखों का संधारण सुरक्षित रूप से हो सके।

साथ ही, समाहरणालय परिसर में प्रस्तावित भवनों के निर्माण कार्य एवं प्राक्कलन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देकर त्वरित गति से पूर्ण किया जाए। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य में विलंब न होने देने का निर्देश भी दिया गया।

उपस्थित वरीय अधिकारी:

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमरेन्द्र कुमार, डीआरडीए निदेशक श्री अरुण प्रकाश, स्थापना उप समाहर्ता मो. अहमद अली, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री राकेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी की यह पहल प्रशासनिक कार्य प्रणाली को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम के रूप में देखी जा रही है। इससे न केवल कार्यालयी अनुशासन सुदृढ़ होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी बेहतर सेवाएँ प्राप्त होंगी।

#BiharAdministration #WestChamparan #BettiahNews #BiharGovernance #GoodGovernance #IPRDBihar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *