जिलाधिकारी सारण एवं पुलिस अधीक्षक सारण ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण किया

छपरा (सारण) | 29 सितम्बर
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी सारण एवं पुलिस अधीक्षक सारण ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान नैनी, फुटानी बाजार, मानोपाली और जेपी मार्केट स्थित प्रमुख पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडाल समितियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी पंडालों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निकाय को भी सतर्क मोड में रखा गया है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।

एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी बरती जाए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त गश्ती और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी और एसएसपी दोनों ने आम जनता से अपील की कि वे प्रशासन के सहयोग से पर्व को शांति और सौहार्द के माहौल में मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *