सीएम नीतीश कुमार ने 4193 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

कटिहार | बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को VC के माध्यम से पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित 4193 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर बुनियादी ढांचे को मज़बूती और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में आयोजित समारोह में माननीय पूर्व उप मुख्यमंत्री-सह-विधायक सदर, माननीय विधान परिषद सदस्य, जिलाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत सरकार भवनों, विवाह मंडपों और अन्य ग्रामीण संरचनाओं का निर्माण न सिर्फ गांवों की प्रशासनिक और सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करेगा, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि विकास की रोशनी गांव-गांव तक पहुँचे और पंचायतें आत्मनिर्भर बनें।
सीएम ने यह भी दोहराया कि बिहार सरकार पंचायतों को मज़बूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्राम पंचायतों में बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध होने से स्थानीय प्रशासन पारदर्शी और प्रभावी होगा।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय प्रतिनिधियों और आमजन ने मुख्यमंत्री के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विकास के लिए ऐतिहासिक बताया।
