पश्चिम चंपारण में विधानसभा चुनाव हेतु ईवीएम-वीवीपैट वितरण कार्य संपन्न


रिपोर्ट — श्यामानंद सिंह, बेतिया

बेतिया, 10 नवम्बर 2025।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के तहत पश्चिम चंपारण जिला में कल, दिनांक 11 नवम्बर 2025 को होने वाले मतदान के लिए आज सभी मतदान दलों एवं सेक्टर पदाधिकारियों को ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) मशीनों का वितरण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह वितरण कार्य संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के डिस्पैच सेंटरों से अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं निर्वाचन प्रेक्षकों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी द्वारा स्ट्रांग रूम खोलने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।

आयोग के दिशा-निर्देशानुसार, ईवीएम वितरण (Dispersal) मतदान की तिथि से एक दिन पूर्व किया जाता है। वितरण से पहले सभी उम्मीदवारों या उनके अभिकर्ताओं को लिखित सूचना दी जाती है ताकि वे इस प्रक्रिया के साक्षी बन सकें।

वितरण के दौरान रैंडमाइजेशन प्रणाली के माध्यम से मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें टैग की जाती हैं। मतदान दल अपने-अपने केंद्रों से संबंधित Ballot Unit (BU), Control Unit (CU) एवं VVPAT की जाँच कर यह सुनिश्चित करते हैं कि मशीनें सही तरीके से आबंटित की गई हैं।

साथ ही, संभावित खराबी की स्थिति में सेक्टर पदाधिकारियों को अतिरिक्त मशीनें (Replacement Units) उपलब्ध कराई जाती हैं। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी चुनाव आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षकों के माध्यम से की गई।

ईवीएम परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए सभी वाहनों में GPS ट्रैकिंग उपकरण अथवा Ele Traces मोबाइल ऐप से मूवमेंट ट्रैकिंग की सुविधा सुनिश्चित की गई है। मतदान संपन्न होने के बाद प्रयुक्त ईवीएम को Polled EVM Strong Room में सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि दोषपूर्ण मशीनों को अलग चिन्हित वेयरहाउस में भंडारित किया जाएगा।

डिस्पैच सेंटरों का विवरण —

विधानसभा क्षेत्र संख्या नाम डिस्पैच सेंटर का पता
01 वाल्मीकिनगर बाबा भूतनाथ महाविद्यालय, मंगलपुर, बगहा-2
02 रामनगर (ST) राजकीय कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरिनगर
03 नरकटियागंज कृषि बाजार समिति, नरकटियागंज
04 बगहा बाबा भूतनाथ महाविद्यालय, मंगलपुर, बगहा-2
05 लौरिया एम.जे.के. कॉलेज, बेतिया
06 नौतन एम.जे.के. कॉलेज, बेतिया
07 चनपटिया एम.जे.के. कॉलेज, बेतिया
08 बेतिया एम.जे.के. कॉलेज, बेतिया
09 सिकटा कृषि बाजार समिति, नरकटियागंज

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार ने बताया कि आयोग के Manual on Electronic Voting Machine में इस प्रक्रिया से संबंधित सभी दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं, जो आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm-vvpat पर देखे जा सकते हैं।

पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन — निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूर्णतः तैयार।
#BiharElection2025 #BiharVidhansabhaElection2025 #ChiefElectoralOfficerBihar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *