भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बेटे के सामने मां की मौत, रुहान होटल के पास वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, मुआवजे के लिए सड़क जाम

भागलपुर। भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र में रुहान होटल के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका बेटा घायल हो गया। मृत महिला की पहचान अंजू देवी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजू देवी अपने बेटे विकास के साथ बाइक से पूजा करने के लिए नाथनगर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर नवटोलिया स्थित अपने मायके जा रही थीं। इसी दौरान बाईपास थाना क्षेत्र के रुहान होटल के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंजू देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके बेटे विकास को हल्की चोटें आईं।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान नाथनगर विधायक मिथुन यादव और अंचलाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों को समझाया और उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

सड़क जाम हटने के बाद पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।

इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पूजा करने के लिए बेटे के साथ मायके जा रही अंजू देवी की रास्ते में ही मौत हो जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Times Bihar News | भागलपुर, बिहार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *