टीएमबीयू में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से पहले सियासी घमासान, RSS प्रमुख के शामिल होने की खबर पर छात्र राजद और आइसा का प्रदर्शन

भागलपुर के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के क्षेत्रीय प्रमुख के शामिल होने की सूचना मिलने के बाद छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्र राजद और आइसा के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं ने शैक्षणिक मंच पर आरएसएस के क्षेत्रीय प्रमुख की प्रस्तावित मौजूदगी पर सवाल उठाए और इसे लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
छात्र संगठनों का विरोध सम्मेलन शुरू होने से पहले ही विश्वविद्यालय परिसर में चर्चा का विषय बन गया है। प्रदर्शनकारियों ने शैक्षणिक आयोजनों में राजनीतिक विचारधारा और संगठनों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए।
इस विरोध के बाद टीएमबीयू में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि छात्र संगठनों के विरोध के बीच सम्मेलन का आयोजन किस तरह होता है और विश्वविद्यालय प्रशासन इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाता है।
इस दौरान विश्वविद्यालय राजद अध्यक्ष लाल यादव और प्रवीण कुशवाहा ने भी अपनी बात रखी।
