गीर गढ़डा एसबीआई ने मृत ग्राहक के वारिस को सौंपा दो लाख रुपये का चेक


गीर गढ़डा, 27 सितंबर। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की गीर गढ़डा शाखा की ओर से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत बीमित ग्राहक की मृत्यु के बाद उनके वारिस को दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया। बैंक की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर समय पर क्लेम राशि उपलब्ध कराने की पहल की गई।
जानकारी के अनुसार, गीर गढ़डा निवासी कैलाशबेन रमेशभाई बारैया की कुछ समय पहले सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। वह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमित थीं। उनकी मृत्यु के बाद परिजनों ने बैंक में बीमा क्लेम के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा कराए। बैंक कर्मचारियों ने दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद क्लेम का निपटारा कराया।
इसके बाद एसबीआई गीर गढ़डा शाखा के युवा बैंक मैनेजर दीपक कुमार, केस ऑफिसर नरेशभाई कुर्मावत और बैंक के कर्मचारियों ने मृतक के वारिस मनीषभाई रमेशभाई बारैया को शाखा में बुलाकर दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।
समय पर बीमा क्लेम की राशि मिलने पर मृतक के परिजनों ने बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। स्थानीय लोगों ने भी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत जरूरत के समय परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और बैंक द्वारा क्लेम का समय पर भुगतान किए जाने की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *